रामबन। सेरी स्थित डेल्हीवरी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कार्यालय में रखी तिजोरी से तीन लाख 38 हजार रुपये चोरी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी इसी ऑनलाइन शॉपिंग आउटलेट के कर्मचारी थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 22 मार्च को उमर फारूक पुत्र फारूक अहमद निवासी जाठी डोडा ने चोरी की एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि को कंपनी के कार्यालय में रखी तिजोरी से तीन लाख 38 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस ने एक विशेष दल का गठन कर छानबीन शुरू की।
पुलिस ने जांच के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लिया। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों से भी पूछताछ की। इनमें से तीन कर्मचारियों पर पुलिस को संदेह हुआ तो उनसे सख्ती से पूछताछ की गई। इस दौरान तीनों कर्मचारियों ने कार्यालय की तिजोरी से चोरी करने का आरोप स्वीकार किया। आरोपियों की पहचान परमवीर सिंह निवासी नीरा रामबन, दलजीत कुमार निवासी गुलाबगढ़ किश्तवाड़ और इमरान मीर निवासी अस्सार डोडा के रूप में हुई है। इन तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ उनसे दो लाख 97 हजार छह सौ रुपये की नकदी बरामद की है।