लेह। बीआरओ में जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स (ग्रेफ) विंग के दो इंजीनियरों समेत ग्यारह लोगाें को लेह पुलिस ने कालाबाजारी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ग्रेफ की परियोजनाओं में सड़क बनाने के काम आने वाले बिटुमन की निजी क्रशर प्लांट को सप्लाई की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों में क्रशर प्लांट का मालिक और आठ ट्रकाें के चालक भी शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर रिग्जिन पलजोर के नेतृत्व में पेट्रोलिंग पार्टी ने 6 जुलाई को आठ ट्रकों की संदिग्ध मूवमेंट देखी। जब यह ट्रक निजी क्रशर प्लांट पर सामान उतारने लगे तो जांच में हेराफेरी पकड़ ली गई। आठ ट्रकों में 480 बैरल बिटुमन लदा था, जिन्हें कालाबाजारी के तहत क्रशर प्लांट पर उतारा जा रहा था। पुलिस ने आईपीसी की धारा 409, 411, 109 और 120-बी के तहत मामला दर्ज कर आरोपियाें को गिरफ्तार कर लिया है।