सेना ने मंगलवार को श्रीनगर में फंसी 28 सदस्यीय पाकिस्तानी गोल्फ टीम और नेपाल के राजदूत को बचाया। पाकिस्तानी गोल्फ टीम श्रीनगर में आयोजित होने वाली सार्क गोल्फ टूर्नामेंट में हिस्सा लेने आई थी। जबकि नेपाल से 17 सदस्यों की टीम किसी सरकारी काम से श्रीनगर में थी।
इसके अलावा एयरफोर्स टीम द्वारा मंगलवार को एक कोरियन दंपति, एक अमेरिकी नागरिक और एक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सहित 590 लोगों को श्रीनगर के बाढ़ पीड़ित इलाकों से सुरक्षित निकाला गया। सभी को सेना द्वारा एयरलिफ्ट कर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचा दिया गया है।
घाटी में बाढ़ की चपेट में फंसे लोगों की मदद के लिए दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद से खाने-पीने का सामान भेजा जा रहा है। मंगलवार तक 451 उड़ानों के जरिये एयरफोर्स द्वारा 563 टन सहायता सामग्री कश्मीर पहुंचाई गई है।