संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। राजोरी के कंडी क्षेत्र में शुक्रवार को आतंकियों से हुई मुठभेड़ में ज्यौड़ियां के गांव चक किरपाल पुर (दलपत) निवासी नीलम सिंह पुत्र गुरदेव सिंह चिब शहीद हो गया है। बेटे की शहादत की सूचना के बाद गांव में मातम है।
शहीद नीलम सिंह सेना की नौ पैरा कमांडो में तैनात था। नीलम सिंह शादीशुदा है और उसकी एक बेटी पवना देवी और बेटा अखिल सिंह है। छह मई को शहीद का दरिया चिनाब के किनारे पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले क्षेत्र के लोगों की तरफ से बाइक रैली निकाली जाएगी, जो शहीद नीलम सिंह के पार्थिव शरीर के साथ अखनूर से शहीद के घर तक जाएगी।
बेटे की शहादत की खबर देने से कतराते रहे लोग
शहीद नीलम सिंह के शहीद होने की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। कोई भी नीलम के शहीद होने की खबर परिजनों को बताने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। लेकिन बाद में घर के आसपास लोगों की चहल पहल देख कर परिजनों को कुछ शक हुआ। जानकारी मिलते ही बुजुर्ग पिता, पत्नी और बच्चे बिलखने लगे। रो-रो कर उनका बुरा हाल हो गया है। हर किसी की आंखें नम हैं। नीलम सिंह की माता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में उनके पिता गुरदेव सिंह, पत्नी बिंदु देवी, छोटा भाई अंगद सिंह, बेटी पवना देवी, बेटा अखिल सिंह हैं।