जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में पाकिस्तानी सेना स्नाइपर हमले में शहीद हुए सेना के 2 जेसीओ को श्रीनगर स्थित सेना की 15वीं कोर के मुख्यालय में श्रद्धांजलि दी गई। कोर के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल जीएस कहलों ने शहीद जवानों को पुष्प अर्पित किए।
सेना प्रवक्ता के अनुसार जिले के जमगुंड में भर्ती सेना की पोस्ट पर किए गए पाकिस्तानी स्नाइपर हमले में जेसीओ सूबेदार गमर बहादुर थापा (42) और सूबेदार रमन थापा (39) गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें शुरुआती प्राथमिक उपचार देने के बाद श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शहीद सूबेदार गमर बहादुर थापा 1993 में सेना में भर्ती हुए थे। वो नेपाल के जिला रेपेंदेही के करिहा गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और 2 बेटे हैं। जबकि शहीद सूबेदार रमन थापा 1996 में सेना में शामिल हुए थे। वह नेपाल के जिला रेपेंदेही के तुलसीपुर गांव के रहने वाले थे। अब उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा है।
प्रवक्ता ने बताया कि शहीद जवानों के पार्थिव शरीर गोरखपुर भेजे गए हैं। जहां राष्ट्रीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में सेना उन परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी हर मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।