कुपवाड़ा। सेना कश्मीर घाटी में आतंक विरोधी अभियान चलाने के साथ ही आम लोगों की काउंसलिंग भी कर रही है। सेना ने लोगों से आग्रह किया है कि वह अपने बच्चों को आतंक की राह पर जाने से खुद रोकें।
लोलाब में तीन आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद कस्बे में वीरवार को लोगों को संबोधित करते हुए 8आरआर के कमांडर नीरज शर्मा ने लोगो ंसे कहा कि इन लड़कों ने हथियार उठा लिए थे और इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि जो भी इस प्रकार के कदम उठाने वाला कोई भी इंसान कानून से नहीं बच सकता, उसे बख्शा नहीं जाएगा। कोई भी इंसान कानून से ऊपर नहीं है। हालांकि मैं आप लोगों को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि फौज और पुलिस आपके साथ है। हम उम्मीद करते हैं कि हम सब आपके साथ हमसाए के तौर पर रहें और आपकी मददकर सकें। रमजान के इस पवित्र माह में हम अल्लाहताला से दुआ करते हैं कि वह आपकी दुआएं कबूल फरमाएं और अंत में मैं यह चाहता हूं कि हम और आप मिलकर लोलाब को अमन व शांति की एक नई मिसाल के रूप में पेश कर सकें।