श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र रंगरेट में स्थित ओल्ड एयर फील्ड के करीब सैनिक कालोनी के निर्माण की खबरों का सेना ने खंडन किया गया है। सेना ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया में रिपोर्ट जारी की जा रहीं हैं कि सेना द्वारा ओल्ड एयर फील्ड पर सैनिक कालोनी के निर्माण के लिए जो जमीन मांगी जा रही थी, उस पर पिछले दो वर्षों से निर्माण कार्य देखा गया।
यह कहा जा रहा है कि वहां करीब 47 बिल्डिंग बन चुकी हैं। सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर निर्माण कार्य जारी है, वह डिफेंस लैंड है और ओल्ड एयर फील्ड मिलिट्री स्टेशन के भीतर स्थित है। वहां विवाहित आवास परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है।
जारी बयान में यह भी कहा गया है कि नए निर्माण विशुद्ध रूप से सेवारत सेना कर्मियों के लिए हैं और स्टेशन मुख्यालय की देखरेख में निर्माण किया जा रहा है, जो इस क्षेत्र में स्थित सेना की इकाइयों के आवास आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए है। इस निर्माण का सैनिक कालोनी के साथ कोई लेना देना नहीं है, क्योंकि वो राज्य का मसला है। इसमें सेना की कोई भूमिका नहीं है।