सेना की 16 कोर (व्हाइट नाइट कोर) के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल आरआर निंभोरकर ने कहा कि लाइन आफ कंट्रोल से घुसपैठ करना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर स्थित पूरी एलओसी पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं।
फेंसिंग पर हमारे जवान पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। सीजफायर के उल्लंघन, सुरक्षा व्यवस्था और आईएसआईएस फुट प्रिंट मिलने के संबंध में लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि सेना आधुनिक साजो सम्मान के साथ पूरी तरह तैयार है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने की क्षमता है।
पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन घुसपैठ के लिए किया जाता है। इस संबंध में जीओसी ने कहा कि यह आतंकियों की कार्यप्रणाली है, जिसका उपयोग पाकिस्तान हमेशा करता है। अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी की सुरक्षा पर भी उन्होंने संतोष जताया।
सीजफायर उल्लंघन की घटनाओं में वृद्धि पर उन्होंने कहा कि यह बताना कठिन है। उन्होंने कहा कि सैन्य नजर से देखने पर उन्हें इसका कोई खास कारण नजर नहीं आता। पीओके और अन्य भागों में आईएसआईएस के फुट प्रिंट के संबंध में उन्होंने कहा कि यह पूरे विश्व की चिंता है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय इसके खतरे को लेकर सतर्क है।
डेलटा फोर्स की ओर से लांच अश्वमेघ साइकिल अभियान को झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद जीओसी निभोरकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।