सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे ने वीरवार को राजोरी जिले में एलओसी के फारवर्ड पोस्ट का दौरा कर सुरक्षा हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दुश्मन की नापाक हरकत का जवाब देने के लिए हर वक्त तैयार रहने की हिदायत दी। जवानों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा दुश्मनों की हर हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने को कहा।
बता दें कि भारतीय सेना प्रमुख का पद संभालने के बाद जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने पीओके को भारत में शामिल कराने की बात कही थी। साथ ही चीन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में किए जा रहे सैन्य बुनियादी ढांचे के विस्तार को लेकर कहा था कि हम उत्तरी सीमा पर उभरी चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा था कि अगर संसद आदेश देगी तो हम पीओके को भारत में शामिल करने के लिए उचित कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने पाकिस्तान की सीमाओं पर तैनात और कश्मीर में छद्म युद्ध से मुकाबला कर रहे सैनिकों को चौबीस घंटे सतर्क रहने को कहा था। इसके साथ उन्होंने जवानों को भरोसा दिलाया कि उनकी विभिन्न जरूरतों को किसी भी कीमत पर पूरा किया जाएगा।