जम्मू। पंचायती राज संस्थाओं के बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशासनिक परिषद ने पंचायत पुरस्कारों को मंजूरी दे दी है। यह पुरस्कार राष्ट्रीय पंचायत दिवस 24 अप्रैल को केंद्र शासित स्तर पर आयोजित समारोह में दिए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ जिला पंचायत को पांच लाख की राशि के साथ स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र मिलेगा। ब्लाक पंचायत को चार लाख की पुरस्कार राशि, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र व ग्राम पंचायत को तीन लाख की राशि व प्रशस्ति पत्र पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
केंद्र शासित स्तर के पंचायत पुरस्कारों के लिए जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायतों को चयनित करने की प्रक्रिया राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन के अलावा जिला समितियों से प्राप्त नामांकन से की जाएगी। प्रत्येक वर्ग में विजेता का चयन केंद्र शासित स्तर की प्रदर्शन आकलन कमेटी करेगी। इस कमेटी की अध्यक्षता का जिम्मा ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग सचिव को दिया गया है।