रियासी। सड़क निर्माण में जुटे एक मजदूर की पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रियासी जिले के दूरदराज इलाके सावलाकोट क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार जिला के दूरदराज क्षेत्र सावलाकोट में सड़क निर्माण के लिए दीवार और क्रेट लगाने का काम चल रहा है। सोमवार को भी यहां क्रेट लगाया जा रहा था, जिसमें जेसीबी की सहायता से पत्थर भरे जा रहे थे। इस दौरान जेसीबी ने जैसे ही क्रेट में पत्थर डाले तो नीचे काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। इससे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य मजदूरों ने घटना के बाद तुरंत घायलों को वहां से निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरनास पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान ही 23 वर्षीय मजदूर तालिब हुसैन पुत्र छत्तू निवासी दंदली धंसाल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं, हादसे में घायल हुए दूसरे व्यक्ति की पहचान 42 वर्षीय साई पुत्र अलीदीन निवासी डुग्गा के रूप में हुई है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।