बठिंडी से पकड़े गए लश्कर आतंकी के एक और मददगार को पुलिस ने पकड़ लिया है। इसी ने आतंकी को किराए का मकान दिलाया था। कश्मीर के बांदीपोरा का रहने वाला बशीर अहमद इस समय बठिंडी में चिकन शाप चलाता है।
शनिवार को मामले की जांच कर रहे पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप ने आतंकी से पूछताछ के दौरान दुकानदार को बठिंडी से ही पकड़ा। वहीं मामले की जांच को स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है। इसमें एसओजी के डीएसपी, त्रिकुटा नगर के एसएचओ, सब इंस्पेक्टर और एएसआई को शामिल किया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आतंकी शब्बीर ने बठिंडी में रहने वाले बशीर अहमद का नाम लिया। बशीर को एसओजी ने बठिंडी से पकड़ा। बशीर ने पूछताछ में बताया कि आतंकी शब्बीर मलिक ने उससे कहा कि वह जम्मू में पढ़ने आया है।
इसलिए उसे किराए पर मकान चाहिए। इसके बाद बशीर ने उसे पूर्व सरपंच के घर मकान किराए पर दिलाया। जांच टीम बशीर से और भी पूछताछ कर रही है। बशीर से पुलिस को काफी कुछ जानकारी मिल सकती है।
वहीं आतंकी शब्बीर मलिक से पूछताछ करने के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम भी जांच करेगी। आतंकी शब्बीर को दो दिन पहले ही कश्मीर से वापस लाया गया है। आतंकी को उसके गांव पुलवामा के त्राल में ले जाया गया था।
यहां पुलिस ने जांच रिपोर्ट तैयार की है। इसमें कई तरह की जानकारियां सामने आ सकती हैं। अब तक इस मामले में एसओजी चार लोगों को पकड़ चुकी है। आतंकी शब्बीर, उसका एक साथी श्रीनगर, एक जिसके घर किराए पर रहता था और एक उसे किराए पर मकान दिलाने वाला। इस मामले में कई और लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।