बाबा बर्फानी के भक्तों में इस बार जबरदस्त उत्साह है। यात्रा में अब तक लगभग ढाई लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में हिमलिंग के दर्शन किए हैं।
प्रत्येक दिन 15 से 20 हजार भक्तों की टोली पवित्र गुफा तक पहुंच रही है। यात्रा के दोनों रूटों, पहलगाम और बलटाल से यात्रियों का जत्था लगातार कूच कर रहा है। यात्रा के 18 दिन पूरे हुए हैं और अभी 26 दिनों तक यात्रा चलेगी।
दस अगस्त को सावन पूर्णिमा के दिन यात्रा संपन्न होने वाली है। पिछले साल तीन लाख 54 हजार यात्रियों ने हिमलिंग के दर्शन किए थे। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या का आंकड़ा पिछला रिकार्ड तोड़ सकता है।
इस बार हिमलिंग का आकार भी पूरा था और अब तक बाबा बर्फानी पूर्ण रूप में भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। एक दिन पहले बीस हजार से अधिक यात्रियों ने पवित्र गुफा में हिंमलिंग के दर्शन किए थे।
मंगलवार को 12 हजार से अधिक यात्री गुफा पहुंचे। यात्रियों की संख्या 2 लाख 44 हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है। इससे लगता है कि इस बार पिछले साल का रिकार्ड टूट सकता है।