बेस कैंपों से आगे बढ़ने पर रोक
कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने शनिवार को इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है। इस वजह से रविवार, 19 जुलाई से बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी (पहलगाम) दोनों ही बेस कैंपों से किसी भी श्रद्धालु को पवित्र गुफा की तरफ आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सुरक्षा समीक्षा के बाद ही शुरू होगी यात्रा
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह निलंबन पूरी तरह से एक एहतियाती कदम है ताकि पहाड़ी रास्तों पर श्रद्धालुओं को किसी भी तरह के मौसम जनित खतरे का सामना न करना पड़े। मौसम साफ होने और पूरे यात्रा मार्ग की सुरक्षा की व्यापक समीक्षा करने के बाद ही यात्रा दोबारा बहाल करने पर फैसला लिया जाएगा। यात्रा दोबारा शुरू होने के संबंध में जल्द ही ताजा अपडेट जारी किए जाएंगे। प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम के मिजाज को देखते हुए आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें। गौरतलब है कि मौजूदा अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक 3.7 लाख से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।