बम बम भोले के जयघोष के साथ वीरवार को 4723 श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इसके साथ अमरनाथ यात्रा के 22वें दिन दर्शनार्थी यात्रियों का आंकड़ा 227342 तक पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों में यात्रा में गिरावट आई है। जिससे रोजाना पांच हजार से नीचे ही श्रद्धालु पवित्र गुफा तक पहुंच रहे हैं।
इस बीच आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से 1877 यात्रियों का जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच पारंपरिक पहलगाम और बालटाल ट्रैक के लिए रवाना हुआ। इसमें 70 छोटे-बड़े वाहनों में 1360 पुरुष, 492 महिला और 25 साधु शामिल रहें।
आधार शिविर भगवती नगर से जाने वाले जत्थे में यात्रियों का आंकड़ा गिरकर दो हजार से नीचे आ गया है। हालांकि अभी यात्रा के लिए दो हफ्ते से अधिक समय बचा है। यात्रा में गिरावट का एक कारण हिमलिंग के आकार का कम होना भी माना जा रहा है। आगामी दिनों में यात्रा में और गिरावट आ सकती है।