रियासत सहित देश भर की 432 बैंक शाखाओं में अमरनाथ यात्रा के लिए सोमवार से पंजीकरण शुरू हो गया। केंद्र शासित प्रदेशों समेत 32 राज्यों में पीएनबी, जेके बैंक और येस बैंक की शाखाओं में चंदनबाड़ी और बालटाल रूट से यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया का उत्साह पहले दिन से ही बनने लगा।
श्राइन बोर्ड के अनुसार यात्रा पंजीकरण के लिए बैंक शाखाओं में दोपहर तीन से शाम छह बजे का समय निर्धारित किया गया है। व्यस्तता के चलते बैंक समय में थोड़ा बहुत बदलाव कर सकते हैं। ज्ञात हो कि यात्रा दो जुलाई से शुरू होगी।
सोमवार को जम्मू के रेजीडेंसी रोड पर स्थित जम्मू कश्मीर बैंक की शाखा पर दोपहर साढ़े चार बजे दर्जनों की संख्या में पहुंचे लोगों ने पंजीकरण करवाया।