सेना के लिए क्षेत्र में फायरिंग रेंज बनाने और आर्टिलरी प्रैक्टिस के लिए 140 गांवों की भूमि चिह्नित किए जाने के विरोध में सोमवार को लोग आखिरकार सड़क पर उतर गए। इस दौरान निर्दोष चौक पर लोगों ने तीन घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। इससे आवागमन भी प्रभावित रहा।
नोटिस के खिलाफ विभिन्न पंचायतों के सरपंच एवं पंचों के नेतृत्व में सुबह दस बजे लोग एकत्र होने शुरू हो गए थे, जो बाद में बड़े जनसमूह में तब्दील हो गया। इसकी अगुवाई प्रदेश कांग्रेस के सीनियर उप प्रधान एवं पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा ने की।
इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। साथ ही जल्द नोटिस वापस लेने की मांग की गई। लोगों ने अखनूर-जम्मू-पुंछ-पलांवाला मार्ग अवरुद्ध रहा। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में खासी दिक्कतें भी आईं।