श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर आर्गनाइजेशन (साबलो) ने केंद्र और राज्य सरकार से लंगरों की पर्याप्त सुरक्षा की मांग की है। साबलो के शिष्टमंडल ने श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ से मुलाकात कर कई मांगों को उठाया।
उन्होंने रात्रि शेल्टरों को शीघ्र मंजूरी देने पर जोर दिया। इसके अलावा स्टोर और गोडाउन की तय जगह को विकसित किया जाए। भंडारों में पानी को फिल्टर करने के लिए वाटर फिल्टरों के अलावा अन्य वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
यात्रा से जुड़े मुद्दों को लेकर साबलो की आगामी 15 अप्रैल को चंडीगढ़ कार्यालय में बैठक बुलाई गई है। साबलो के प्रधान विजय ठाकुर और महासचिव राजन गुप्ता ने कहा कि साबलो की सबसे प्रमुख मांग में लंगरों को पर्याप्त सुरक्षा देना है।
पिछले कुछ साल से असामाजिक तत्वों की ओर से लंगर वालों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पूर्व साबलो ने उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह से भी मुलाकात कर कई मांगों को उठाया था।
इसमें खासकर बालटाल में भंडारे वालों को उचित सुरक्षा देने के साथ, वर्ष 2014 में आगजनी का शिकार हुए नौ भंडारे वालों को जानमान का नुकसान का मुआवजा देने, भंडारों की संख्या घटाने के बजाय बढ़ाने, यात्रियों को निशुल्क ठहरने की व्यवस्था देना, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र के साथ आन स्पाट पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने, साबलो को विश्वास में लिए बिना बोर्ड महत्वपूर्ण फैसले न ले, बोर्ड की ओर से जारी भंडारों के लिए नियमों में संशोधन करने आदि की मांग उठाई गई।