-बालटाल में डॉ. शाहिद इकबाल, पहलगाम में मोर्चा संभालेंगे राहुल यादव
-जेकेएएस के 58 अधिकारी जिलों में संभालेंगे मोर्चा, तैनाती वाली जगह से मिलेगा वेतन
-यात्रा खत्म होने के बाद पूर्व के कार्यस्थल पर लौटना होगा वापस
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए प्रदेश सरकार ने अधिकारियों की फौज उतार दी है। दो भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जबकि जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (जेकेएएस) के 58 अन्य अधिकारियों की तैनाती अलग-अलग जगहों पर की गई है। यह सभी अधिकारी श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान तैनाती वाली जगह पर मौजूद रहेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस बारे में आदेश जारी किए हैं। इनमें विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी को बालटाल में नोडल अधिकारी के तौर पर तैनात किया गया है। जबकि ऊर्जा विकास निगम के एमडी राहुल यादव पहलगाम की जिम्मेदारी संभालेंगे। दोनों अधिकारी श्री अमरनाथ यात्रा पर बारीकी से नजर रखेंगे। साथ ही यात्रा के सफल आयोजन में जुटी अन्य सभी एजेंसियों के साथ समन्वय करेंगे। दोनों अधिकारी श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को रिपोर्ट करेंगे।
इसके अलावा श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड में अधिकारियों को शिविर निदेशक और अतिरिक्त निदेशक के तौर पर तैनात किया है। प्रदेश भर के 58 अधिकारियों की तैनाती अगल-अलग जगहों पर की गई है। इन आदेशों में सभी अधिकारियों को उनके कार्य से मुक्त करने की बात कही है। अधिकारियों की तैनाती श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के माध्यम से की गई है। अधिकारी प्रतिनियुक्ति के दौरान अपने-अपने तैनाती वाली जगहों से ही वेतन प्राप्त करेंगे। यात्रा की समाप्ति के बाद सभी अधिकारी अपने-अपने पुराने कार्यक्षेत्र को वापस लौट जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।