बाबा बर्फानी की प्रथम पूजा एलजी मनोज सिन्हा
- फोटो : पीआरओ
श्री अमरनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रथम पूजा की। इस बीच उन्होंने कहा कि दुनिया भर के लाखों भक्तों के लिए बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा की तीर्थ यात्रा जीवन भर का सपना होती है। एक जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा के सफल संचालन के लिए स्थानीय निवासियों का अत्यधिक योगदान है।
इससे आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की जरूरतों और आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए। हम तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं और सेवाओं के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
पहली बार 62 दिन की अमरनाथ यात्रा एक जुलाई से शुरू होगी। यह यात्रा रक्षा बंधन 31 अगस्त तक चलेगी। यात्रा के लिए पूरे देश में पंजीकरण 17 अप्रैल से शुरू हो गया है। बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा से सुबह व शाम की आरती का सीधा प्रसारण होगा। देश-दुनिया में बैठे श्रद्धालु रोजाना बाबा बर्फानी की आरती का लाभ उठा सकते हैं।
यात्रा दोनों ट्रैक अनंतनाग जिले में पहलगाम तथा गांदरबल जिले में बालटाल से होगी। इससे पहले 2009 में यात्रा 60 दिन की रही थी। 2010 में 55 दिन, 2013 में 55 दिन और वर्ष 2017 में 59 दिन की यात्रा हुई थी। उप राज्यपाल ने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं तथा सेवा प्रदाताओं को बेहतरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ही अन्य प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
श्रद्दालुओं के रहने, बिजली, पानी, सुरक्षा तथा अन्य प्रबंधों के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे ताकि समय पर सभी प्रकार की सुविधाएं सुनिश्चित हो जाएं।