श्री बाबा अमरनाथ एवं बूढ़ा अमरनाथ यात्री न्यास लगातार तीसरे वर्ष श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा में ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावर अवसर पर प्रथम पूजा अर्चना करेगा। इसके लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की तरफ से व्यवस्था की जाएगी।
न्यास के महामंत्री सुदर्शन खजूरिया का कहना है कि शास्त्रों के अनुसार श्री अमरनाथ यात्रा ज्येष्ठ पूर्णिमा से शुरू होकर श्रावण पूर्णिमा तक चलती है। ऐसे में 2011 में विहिप और श्री बाबा अमरनाथ एवं बूढ़ा अमरनाथ यात्री न्यास ने ज्येष्ठ पूर्णिमा पर यात्रा शुरू करने के लिए अपनी तरफ से कवायद शुरू की थी।
इस कवायद का परिणाम हुआ कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने न्यास के साथ सहमति जताई कि ज्येष्ठ पूर्णिमा पर श्री अमरनाथ की प्रथम पूजा का आयोजन किया जाएगा। 2011 से लेकर 2019 तक चंदनवाड़ी और पंजतरणी में प्रथम पूजा का आयोजन किया जाता रहा। 2020 में कोरोना संक्रमण के चलते जम्मू के चैतन्य आश्रम में प्रथम पूजा का आयोजन हुआ।
एक जुलाई से शुरू हो रही यात्रा
2021 के बाद श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा में प्रथम पूजा का आयोजन होता आ रहा है। इस बार ज्येष्ठ पूर्णिमा तीन जून को है और यात्री न्याय प्रथम पूजा की तैयारी में जुटा हुआ है। उल्लेखनीय है कि श्री अमरनाथ यात्रा 2023 एक जुलाई से शुरू हो रही है।