जम्मू शहर के साथ लगते नगरोटा के खानपुर में महत्वाकांक्षी परियोजना जंबू-जू को जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है। पानी की सप्लाई के लिए तवी नदी के किनारे डगबैल बनाया गया है। 900 मीटर सप्लाई लाइन सैन्य क्षेत्र में आने के कारण रक्षा मंत्रालय से अनुमति मांगी गई है। पानी की सप्लाई शुरू होने पर ही मांडा वन्यजीव से जानवरों को जंबू-जू में शिफ्ट किया जाएगा।
इस बीच बुधवार को व्यवस्थाओं को देखा गया। ट्रैक पर तारकोल डाला जा रहा है। वन, पारिस्थितिकी व पर्यावरण विभाग ने जंबू जू में विभिन्न सेवाओं के लिए रेट तय कर दी हैं। हालांकि इस आदेश की पुष्टि के लिए जब मुख्य वन्य जीव वार्डन सुरेश गुप्ता से संपर्क किया गया तो उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
विभाग से जारी दरों के मुताबिक जंबू जू में 0-5 साल तक के बच्चों की निशुल्क एंट्री होगी। स्कूल समूह में 5वीं कक्षा के बच्चों से प्रत्येक से 20 रुपये, 6-12वीं कक्षा तक के प्रत्येक बच्चे से 30 रुपये और सरकारी स्कूल समूह में प्रत्येक बच्चे से 10 रुपये एंट्री ली जाएगी। भारतीय व्यस्क से 80 रुपये और विदेशी यात्री (सार्क देशों को छोड़कर) से लिए जाएंगे। दिव्यांग लोगों से 40 रुपये लिए जाएंगे।
सेवाओं में बैटरी आपरेटिव वाहन के लिए प्रत्येक व्यक्ति से 200 रुपये, किराये पर साइकिल के लिए 70 रुपये और अपनी साइकिल के लिए 30 रुपये लिए जाएंगे। स्टिल कैमरा में एमेच्योर फोटोग्राफी के लिए 300 रुपये, स्टिल कैमरा व्यवसायिक फोटोग्राफी के लिए 2000, वीडियो कैमरा एमेच्योर वीडियोग्राफी के लिए 5000 और वीडियो कैमरा व्यवसायिक वीडियोग्राफी के लिए 25000 रुपये लिए जाएंगे।
वाहन पार्किंग में साइकिल के लिए 10 रुपये, दोपहिया वाहन के लिए 25 रुपये, कार के लिए 40 रुपये और मिनी बस/बस के लिए 200 रुपये शुल्क लिया जाएगा।