अमरनाथ यात्रा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर पहुंच गया है। शुक्रवार तड़के चार बजे पूजा अर्चना के बाद उप राज्यपाल व अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा पहले जत्थे को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सुरक्षाबलों की रोड ओपनिंग पार्टियों की ओर से हाईवे की चेकिंग करने के बाद वाहन रवाना होंगे।
तत्काल पंजीकरण के लिए रेलवे स्टेशन जम्मू के पास सरस्वती धाम में वीरवार तड़के बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां बालटाल रूट के लिए 2189 टोकन जारी किए गए, जबकि पहलगाम रूट के लिए शुक्रवार को टोकन जारी करने की बात कही गई है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित वैष्णवी धाम में टोकन के बाद 141 यात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया गया।
इसमें पहलगाम रूट के लिए 70 और बालटाल रूट के लिए 71 यात्रियों का पंजीकरण हुआ। इसी तरह रेलवे स्टेशन के पास ही स्थित पंचायत भवन में 135, शालामार स्थित महाजन सभा में बालटाल रूट के लिए 166 यात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया गया। श्री राम मंदिर पुरानी मंडी मंदिर में पहलगाम रूट के लिए 90 और बालटाल रूट के लिए 60 साधु-संतों का पंजीकरण किया गया। गीता भवन परेड में 50 साधु-संतों का पंजीकरण किया गया।
अमरनाथ यात्रा को इस बार तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है। बालटाल व पहलगाम रूट पर तंबाकू व तंबाकू से बने पदार्थ नहीं बिकेंगे। गांदरबल और अनंतनाग जिला प्रशासन को आदेश का अनुपालन करवाने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य निदेशालय कश्मीर की ओर से यात्रियों को जागरूक किया जाएगा कि वे तंबाकू का इस्तेमाल न करें।
बालटाल रूट पर लगभग ढाई-तीन किलोमीटर के टुकड़े में यात्रियों को हेलमेट पहनकर जाना होगा। यह सुविधा श्राइन बोर्ड की ओर से निशुल्क दी जाएगी। पवित्र गुफा के पास इस बार यात्रियों को रुकने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें रात के वक्त अन्य कैंपों की ओर आना होगा।
अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीरवार को आधार शिविर भगवती नगर का दौरा कर अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर प्रशासन द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा प्रबंधों की समीक्षा की।
बैठक में एलजी को तीर्थयात्रियों के भोजन, आवास, सुरक्षा, संयुक्त नियंत्रण कक्ष, लंगर, पंजीकरण केंद्र, बिजली, पानी की आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, परिवहन, स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती, मोबाइल शौचालय, अग्निशमन वाहन, आपातकालीन सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
उप राज्यपाल ने अधिकारियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए जनशक्ति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने यात्रा के लिए देशभर से आधार शिविर पहुंचे तीर्थ यात्रियों का स्वागत किया। मंडलायुक्त रमेश कुमार, एडीजीपी मुकेश सिंह, उपायुक्त अवनी लवासा, जेएमसी के आयुक्त राहुल यादव मौजूद रहे।