फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amarnath Yatra 2023: भगवती नगर जम्मू पहुंचा अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था, रातभर लगे भोले के जयघोष

Fri, 30 Jun 2023 02:10 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आधार शिविर भगवती नगर का दौरा कर यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर प्रशासन द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
विज्ञापन
जम्मू आधार शिविर पहुंचे साधु संत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमरनाथ यात्रा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर पहुंच गया है। शुक्रवार तड़के चार बजे पूजा  अर्चना के बाद उप राज्यपाल व अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा पहले जत्थे को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सुरक्षाबलों की रोड ओपनिंग पार्टियों की ओर से हाईवे की चेकिंग करने के बाद वाहन रवाना होंगे।

विज्ञापन


पहली बार यात्रा के दौरान भूस्खलन वाली जगहों से गुजरते वक्त पत्थरों से बचने के लिए हेलमेट मिलेंगे। श्रद्धालु शनिवार को पारंपरिक बालटाल और पहलगाम रूट से पवित्र गुफा की ओर बढ़ेंगे। बालटाल रूट से जाने वाला जत्था शनिवार को ही हिमलिंग के दर्शन करके लौट आएगा। वहीं, वीरवार तक देशभर से यात्रा के लिए भगवती नगर आधार शिविर में 1600 तीर्थ यात्री पहुंच चुके थे।

इनके लिए शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया है। प्रवेशद्वार लखनपुर से कश्मीर तक माहौल शिवमय बन गया है। प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यात्रियों के लिए कट ऑफ समय भी जारी किया है। इसी के अनुरूप अमरनाथ यात्रियों के अलावा अन्य वाहनों को छोड़ा जाएगा।
विज्ञापन


यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और जाम की समस्या से बचने के लिए उठाया है। पर्यटन विभाग के शेड्यूल के मुताबिक उधमपुर के टिकरी, चंद्रकोट व अन्य स्थानों पर जत्थे   का स्वागत होगा। जत्थे की रवानगी के दौरान यात्रा रूट पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। 

तत्काल पंजीकरण के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

तत्काल पंजीकरण के लिए रेलवे स्टेशन जम्मू के पास सरस्वती धाम में वीरवार तड़के बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां बालटाल रूट के लिए 2189 टोकन जारी किए गए, जबकि पहलगाम रूट के लिए शुक्रवार को टोकन जारी करने की बात कही गई है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित वैष्णवी धाम में टोकन के बाद 141 यात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया गया।

इसमें पहलगाम रूट के लिए 70 और बालटाल रूट के लिए 71 यात्रियों का पंजीकरण हुआ। इसी तरह रेलवे स्टेशन के पास ही स्थित पंचायत भवन में 135, शालामार स्थित महाजन सभा में बालटाल रूट के लिए 166 यात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया गया। श्री राम मंदिर पुरानी मंडी मंदिर में पहलगाम रूट के लिए 90 और बालटाल रूट के लिए 60 साधु-संतों का पंजीकरण किया गया। गीता भवन परेड में 50 साधु-संतों का पंजीकरण किया गया।

यात्रा तंबाकू मुक्त घोषित

अमरनाथ यात्रा को इस बार तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है। बालटाल व पहलगाम रूट पर तंबाकू व तंबाकू से बने पदार्थ नहीं बिकेंगे। गांदरबल और अनंतनाग जिला प्रशासन को आदेश का अनुपालन करवाने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य निदेशालय कश्मीर की ओर से यात्रियों को जागरूक किया जाएगा कि वे तंबाकू का इस्तेमाल न करें। 

पवित्र गुफा के पास रुकने की अनुमति नहीं 

बालटाल रूट पर लगभग ढाई-तीन किलोमीटर के टुकड़े में यात्रियों को हेलमेट पहनकर जाना होगा। यह सुविधा श्राइन बोर्ड की ओर से निशुल्क दी जाएगी। पवित्र गुफा के पास इस बार यात्रियों को रुकने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें रात के वक्त अन्य कैंपों की ओर आना होगा। 

आधार शिविर में एलजी ने लिया तैयारियों का जायजा

अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीरवार को आधार शिविर भगवती नगर का दौरा कर अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर प्रशासन द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा प्रबंधों की समीक्षा की।

बैठक में एलजी को तीर्थयात्रियों के भोजन, आवास, सुरक्षा, संयुक्त नियंत्रण कक्ष, लंगर, पंजीकरण केंद्र, बिजली, पानी की आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, परिवहन, स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती, मोबाइल शौचालय, अग्निशमन वाहन, आपातकालीन सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।

उप राज्यपाल ने अधिकारियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए जनशक्ति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने यात्रा के लिए देशभर से आधार शिविर पहुंचे तीर्थ यात्रियों का स्वागत किया। मंडलायुक्त रमेश कुमार, एडीजीपी मुकेश सिंह, उपायुक्त अवनी लवासा, जेएमसी के आयुक्त राहुल यादव मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें