देशभर से बाबा बर्फानी के भक्त जम्मू पहुंचना शुरू हो गए हैं। बाबा के जयकारे आधार शिविर के साथ ही अन्य स्थानों पर भी गूंज रहे हैं। इस बीच सोमवार से तत्काल पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पहले दिन भक्तों को टोकन दिए गए। मंगलवार से पंजीकरण होगा। आधार शिविर के साथ ही टोकन वितरण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। तत्काल पंजीकरण के लिए रेलवे स्टेशन के पास सरस्वती धाम से सोमवार को शिव भक्तों को टोकन जारी किए गए
जिसमें रूट और तिथि के मुताबिक मंगलवार सुबह सात बजे से निर्धारित केंद्रों पर तत्काल पंजीकरण किया जाएगा। इसके साथ अग्रिम यात्री पंजीकरण करवाने वाले यात्रियों को भी पहले जत्थे में शामिल किया जाएगा। जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर से बम बम भोले के जयघोष के साथ बुधवार तड़के पहला जत्था रवाना होगा, जो वीरवार को पारंपरिक पहलगाम और बालटाल मार्ग से पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान करेगा। इस बार 11 अगस्त तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 43 दिन की है।
जिला प्रशासन के शेड्यूल के मुताबिक ट्रेन, हवाई जहाज और सड़क मार्ग से जम्मू आने वाले यात्रियों को तत्काल पंजीकरण के लिए सबसे पहले सरस्वती धाम में टोकन लेना होगा। तत्काल पंजीकरण के लिए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र अनिवार्य है। यात्री निर्धारित सरवाल और गांधीनगर अस्पताल के साथ राजीव गांधी अस्पताल कुंजवानी में चिकित्सा जांच करवा सकता है। टोकन मिलने के बाद यात्री 220 रुपये का शुल्क अदाकर रेलवे स्टेशन के पास वैष्णवी धाम, पंचायत भवन, महाजन हाल शालामार में तत्काल पंजीकरण करवा सकता है।
साधु-संतों का तत्काल पंजीकरण श्री राम मंदिर पुरानी मंडी और गीता भवन में होगा। यात्रा के दौरान जेकेआरटीसी वाहन का टिकट यात्री निवास पर ही उपलब्ध होगा।