अमरनाथ यात्रा तत्काल रोके जाने के बाद बाहर से आए श्रद्धालुओं का रुझान शिवखोड़ी धाम की ओर बढ़ा है। इस कारण शिवखोड़ी धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक उछाल आया है।
दो दिन से श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी आंकी गई है। इस महीने के पहले आठ दिनों के दौरान यहां कुल 42480 भक्तों ने पवित्र गुफा में शिवलिंग के दर्शन किए गए। जबकि केवल दो दिनों में शनिवार और रविवार को यह आंकड़ा 21 हजार के पार हो गया।
श्री शिवखोड़ी धाम रनसू में दो दिन के दौरान यात्रा में जबरदस्त बढोतरी होने का कारण कश्मीर में हिंसा है। अमरनाथ यात्रा रोके जाने के बाद बचे समय में यात्री शिवखोड़ी धाम में दर्शन का लाभ उठा रहे हैं। श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड रनसू के एक्जीक्यूटिव आफिसर महेश शर्मा के मुताबिक दो दिन के दौरान यात्रा में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है।
आने वाले दिनों में भोलेनाथ के दरबार में यात्रा में बढ़ोतरी होने की पूरी आशा है। बोर्ड के द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखते हुए आधार शिविर रनसू से शिवगुफा तक के पैदल ट्रैक पर पीने के पानी बिजली की सुविधा के साथ ही अन्य सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के द्वारा भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।