जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजूकेशन की दसवीं और बारहवीं की परीक्षा के टॉपर्स को सम्मानित करते हुए उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने बच्चों से कहा कि आपको अपनी प्रतिभा सिर्फ अपने तक ही सीमित नहीं रखनी है, बल्कि उसका इस्तेमाल समाज के लिए करना चाहिए।
समाज के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन कर दूसरों के लिए मिसाल बनें। सम्मान पाना तो शुरुआत भर है। जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए ऐसा कुछ करें जिससे यह अवसर बार-बार आए।
उन्होंने कहा कि राजनीति गंदी नहीं है, लोगों ने इसे बदनाम कर दिया है। उप मुख्यमंत्री ने सम्मान समारोह की प्रशांसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को न केवल उत्साह मिलता है, बल्कि मार्गदर्शन भी मिलता है।
इस अवसर पर संभाग की प्रतिभाओं का हौसला बढ़ाने और उन्हें सम्मानित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष कवीन्द्र गुप्ता, शिक्षा मंत्री नईम अख्तर, वन मंत्री बाली भगत, उद्योग मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सुखनंदन चौधरी, शिक्षा राज्य मंत्री प्रिया सेठी और सांसद जुगल किशोर शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा में चार चांद लगाए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अमर उजाला के वरिष्ठ कार्यकारी संपादक उदय कुमार ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।