अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा जम्मू में महेशपुरा चौक स्थित रेडक्रॉस अटेंडेंट सराय में विशेष रक्तदान शिविर लगाया गया। काफी संख्या में लोग रक्तदान कर रहे हैं। आप भी रक्तदान कर किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकते हैं। इस महादान के लिए सभी आयु वर्ग के लोग योगदान दे सकते हैं। रक्तदान कर आप दूसरों का जीवन बचाने के लिए प्रेरणा का काम करेंगे।
ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग जीएमसी, रीजनल रेडक्रॉस सोसायटी जम्मू और जेएंडके एड्स कंट्रोल सोसायटी के सहयोग से लगाया गया यह विशेष रक्तदान शिविर अटेंडेंट सराय में सुबह 10 बजे से चल रहा। बता दें कि प्रदेश में रक्तदानियों की कमी से सरकार अस्पतालों में खून की उपलब्धता और मांग में बड़ा अंतर है।
कोरोना संकट के बीच रक्त दाताओं का जज्बा देखते ही बना। कोरोना योद्धाओं को सलाम करते हुए इंसानियत की सेवा के लिए हर कोई आया। किसी ने भी 42 डिग्री की गर्मी और उम्र की परवाह नहीं की। दूसरों के लिए कुछ करने का उत्साह चरम पर था। मौका था महेश पुरा स्थित रेडक्रॉस अटेंडेंट सराय में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को लगाए गए विशेष रक्तदान शिविर शिविर का।
इसमें सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी, कर्मचारी, व्यापारी, विद्यार्थी, टेलर सहित अन्य वर्ग के लोगों ने रक्तदान महादान किया। ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग जीएमसी रीजनल रेड क्रॉस सोसायटी जम्मू-जम्मू कश्मीर एड्स कंट्रोल सोसायटी के सहयोग से लगाया। जिसमें लोगों ने ये संदेश दिया कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। शिविर में रक्तदान के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे।
रकतदान शिविर में लोगों के उत्साह का अंदाज इसी से लगाया जा सकता था कि अधिक भीड़ होने पर रक्तदान के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। रक्तदान के लिए पहुंचे लोगों के पत्ते मोबाइल नंबर ब्लड ग्रुप आदि महत्वपूर्ण जानकारियां ली गईं ताकि भविष्य में जरूरतमंद मरीजों के लिए दोबारा उनकी सेवाएं ली जा सकें। रक्त दाताओं को अमरउजाला फाउंडेशन ने प्रशस्ति पत्र दिए।
शिविर को सफल बनाने के लिए ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग जीएमसी से डॉ देवेंद्र सिंह, मोहिनी साहनी, सुनीता कुमारी सुरेंद्र कुमार, पवन ने सेवाएं दीं। इसके अलावा अटेंडेंट सराय से मैनेजर मंगतराम शर्मा आदि ने भी सहयोग दिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सिंह ने मौके पर पहुंचकर रक्त दाताओं का हौसला बढ़ाया।
गर्मी में रक्तदान करने से नहीं आती कोई कमजोरी
कई लोगों की यह धारणा होती है कि गर्मी में रक्तदान से शारीरिक कमजोरी आती है, लेकिन ऐसा नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार मानव शरीर की संरचना में 24 घंटे के भीतर संबंधित सेल खून की मात्रा को पूरा कर देते हैं।
रक्तदान से कई जिंदगियों को बचाया जा सकता है। ऐसे रक्तदान शिविरों में रक्तदाताओं के पहुंचने से सरकारी अस्पतालों में खून की कमी को कुछ हद तक पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। खासतौर पर निगेटिव ब्लड ग्रुप वाले लोग कई कीमती जिंदगियों के लिए वरदान साबित होते हैं। इसलिए आप रक्तदान से महादान कर पुण्य का भागी बन सकते हैं।