आतंकियों ने जम्मू के नगरोटा हमले के करीब 15 महीने बाद जम्मू के सुंजवां में हमला किया। इससे पहले भी आतंकियों ने जम्मू कश्मीर में कई सारे फिदायीन हमलों को अंजाम दिया है। देखें आतंकियों ने रियासत में किन बड़े हमलों को अंजाम दिया है।
पुलवामा डीपीएल..
26 अगस्त 2017 को जैश के आतंकियों ने पुलवामा के जिला पुलिस लाइन पर फिदायीन हमला कर दिया था। इस हमले में आठ जवान शहीद हो गए थे। सेना ने हमला करने वाले तीन आतंकियों को भी ढेर करने में सफलता हासिल की थी।
श्रीनगर एयरपोर्ट हमला..
3 अक्टूबर 2017 को श्रीनगर एयरपोर्ट के करीब बीएसएफ के कैंप पर आतंकियों ने हमला कर दिया। इस हमले में तीन आतंकियों को मार गिराया गया था। जबकि आतंकियों की फायरिंग मे एक एएसआई भी शहीद हो गया।
नगरोटा हमला...
29 नवंबर, 2016 : जम्मू शहर के बाहरी इलाके नगरोटा में स्थित 16 कोर मुख्यालय में तैनात 166 आर्मी यूनिट कैंप पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। जिसमें सेना के दो अधिकारी समेत 7 जवान शहीद हो गए।
उड़ी हमला...
18 सितंबर 2016 को आतंकियों ने सुबह के करीब पांच बजे उड़ी में सेना के कैंप पर हमला कर दिया था। इस हमले में भारतीय सेना के 18 जवान शहीद हो गए थे। जबकि जवाबी कार्रवाई में चार आतंकियों को भी मौत के घाट उतार दिया गया था। इस हमले के बाद ही सेना ने एलओसी में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था।
सांबा सेना कैंप हमला...
21 मार्च, 2015: सांबा सेना कैंप पर हमला करने आए दो फिदायीन आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। इस हमले में तीन लोगों की जान गई, जिसमें एक नागरिक, मेजर और एक जवान शामिल थे।
अरनिया हमला...
27 नवंबर 2014: अरनिया के कठाड क्षेत्र में भी आतंकियों ने हमला किया। सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया। जिसमें चार सिविलियन शहीद हो गए।
टांडा कैंप हमला..
22 जुलाई, 2003 : अखनूर सेक्टर में टांडा रोड के निकट सेना के कैंप पर तीन फिदायीन आतंकियों ने हमला किया था। हमले में ब्रिगेडियर समेत 8 जवान शहीद हो गए थे। जबकि हमले में 12 जवान घायल हो गए थे।
कालूचक हमला
14 मई, 2002 : जम्मू के कालूचाक में आतंकियों ने सेना की छावनी पर हमला कर दिया था। इस हमले में लगभग 40 लोगों की मौत हुई जबकि 48 लोग घायल हो गए थे। मरने वालों में ज्यादातर जवानों के परिवार के लोग शामिल थे।
रघुनाथ मंदिर हमला
30 मार्च, 2002 : जम्मू के रघुनाथ मंदिर में आतंकियों ने हमला किया था जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 22 से ज्यादा घायल हो गए थे।