चांग गांव में ट्रांसफार्मर का उद्घाटन करते सुरेश शर्मा।
लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज समस्या से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
अखनूर। ब्लॉक चौकी चौरा की पंचायत गंगाल के गांव चांग में सोमवार को ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई। भाजपा नेता एवं जिला विकास परिषद सदस्य पंडित सुरेश शर्मा ने 9 लाख रुपये की लागत से स्थापित 63 केवीए के नए ट्रांसफार्मर का विधिवत लोकार्पण किया।
गांव में लंबे समय से लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी, इससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों में भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। जनता दरबार के दौरान स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर बदलने की मांग रखी थी जिसे गंभीरता से लेते हुए सुरेश शर्मा ने तुरंत इसकी स्वीकृति दी थी। अब इस नई सुविधा के शुरू होने से ग्रामीणों को स्थिर और पर्याप्त बिजली उपलब्ध होगी।
सुरेश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देकर ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में ब्लॉक मैरा मांदरेया और चौकी चौरा के उन गांवों में नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, जहां लो-वोल्टेज की समस्या गंभीर थी। इस अवसर पर राकेश शर्मा, राम गोपाल, गुशू राम, शिव राम, तित्रु राम, सोमी लाल, हरबंस लाल, बाबू राम व बोध राज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।