श्रीनगर हवाई अड्डे के लिए हवाई यातायात को शनिवार दोपहर फिर से बहाल कर दिया गया। इसकी जानकारी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने दी। उन्होंने कहा, "श्रीनगर हवाईअड्डे पर उड़ान संचालन सुबह बाधित रहा लेकिन दोपहर बाद मौसम सामान्य होने पर इसे फिर से शुरू कर दिया गया है।"
अधिकारी ने यह भी बताया कि घाटी में बर्फबारी के कारण एयरपोर्ट रन-वे पर दृश्यता कम हो गई थी जिसके कारण सुबह हवाई यातायात बाधित हुआ। अधिकारी ने कहा, "सुबह शुरुआती हवाई यात्रा रद्द होने के बाद दोपहर में दृश्यता और मौसम में सुधार हुआ और उड़ान संचालन फिर से शुरू किया जा सका।"
उन्होंने यह जानकारी भी दी कि पूरे दिन के लिए जम्मू-कश्मीर से निर्धारित कुल 28 उड़ानों में से आठ उड़ानें शनिवार को रद्द कर दी गईं। वहीं कुछ उड़ानों में देरी भी हुई।