किश्तवाड़ जिले में बर्फ से ढके मारवाह और वारवान इलाकों में बृहस्पतिवार को वायुसेना के तीन हेलीकॉप्टरों से 188 सुरक्षाकर्मियों को पहुंचाया गया। इसके लिए हेलीकॉप्टरों को 16 उड़ानें भरनी पड़ीं।
उधमपुर संसदीय सीट पर सुरक्षित और अधिक से अधिक मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने अपने इंतजाम तेज कर दिए हैं। किश्तवाड़ जिले में बर्फ से ढके मारवाह और वारवान इलाकों में बृहस्पतिवार को वायुसेना के तीन हेलीकॉप्टरों से 188 सुरक्षाकर्मियों को पहुंचाया गया। इसके लिए हेलीकॉप्टरों को 16 उड़ानें भरनी पड़ीं।
विज्ञापन
उधमपुर सीट का हिस्सा होने के कारण यहां पहले चरण में 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। अधिकारियों ने बताया, दूरदराज के इलाकों में बनाए गए 31 मतदान केंद्रों पर 144 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और 44 जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों -कर्मचारियों की तैनाती की गई है। 12,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित सिंथन और मार्गम टॉप के रास्ते मारवाह और वारवान इलाकों तक सड़क के रास्ते पहुंचना काफी चुनौतियों भरा काम है। पूरा इलाका बर्फ से ढका होने के कारण फिलहाल सड़क मार्ग से यहां पहुंचना संभव नहीं था। इन 31 मतदान केंद्रों में मारवाह में 19 और वारवान में 12 केंद्र बनाए गए हैं। यहां तक मतदान दलों, चुनाव रसद और सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
चुनाव टीम आज भेजी जाएगी
जिला निर्वाचन अधिकारी देवांश यादव ने बताया, संवेदनशील क्षेत्रों में मतदान दलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सावधानीपूर्वक योजना बनाई जाएगी। मतपत्रों के सुरक्षित रखरखाव के लिए पांच स्ट्रांग रूम स्थापित किए गए हैं। 31 मतदान केंद्रों की चुनाव टीम और रिजर्व पार्टी को शुक्रवार को मारवाह और वारवान के अंदरूनी इलाकों में स्थित दूर-दराज के मतदान केंद्रों पर हवाई मार्ग से भेजा जाएगा।