लोकसभा चुनाव से पहले मरीजों को प्रतिष्ठित एम्स (विजयपुर) जम्मू को समर्पित करने की तैयारियां तेज की गई हैं। एम्स प्रशासन ने 42 भवनों पर 95 प्रतिशत काम पूरा करने का दावा किया है। एम्स को शुरू करने के लिए 88 संकाय (डॉक्टरों) और 450 नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति कर दी गई है।
नर्सिंग स्टाफ को दिल्ली एम्स में छह माह का प्रशिक्षण दिया गया है। पीएमओ कार्यालय से जल्द एक टीम एम्स का निरीक्षण कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एम्स का उद्घाटन करना प्रस्तावित है। एम्स से ही प्रधानमंत्री अन्य उच्च संस्थानों के कई प्रोजेक्टों को शुरू कर सकते हैं।
एम्स के शीघ्र शुरू होने के साथ मेक शिफ्ट मीरां साहिब में चल रहे सभी एमबीबीएस बैच को एम्स विजयपुर में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके साथ जीएमसी जम्मू के क्लब भवन को भी खाली कर दिया जाएगा। मौजूदा इसी भवन में एम्स का कार्यालय चल रहा है। एम्स का 226.84 एकड़ क्षेत्र में निर्माण किया गया है।
इसके 42 टावरों में अस्पताल भवन, नाइट शेल्टर, आयुष भवन, कन्वेंशन सेंटर, सभागार, अकादमिक भवन, अकादमिक भवन कर्टीयार्ड, गेस्ट हाउस एंड क्लब, जानवर सुविधा, फायर स्टेशन व पुलिस पोस्ट, सॉलेड वेस्ट मैनेजमेंट, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, कम्युनिटी शापिंग, यूजी गर्ल्स भवन, यूजी बॉयज भवन, पीजी गर्ल्स भवन, पीजी बॉयज भवन, पीजी मैरिड (शादीशुदा), स्टूडेंट नर्स, डाइनिंमग बॉयज, डाइनिंग गर्ल्स, इलेक्ट्रिक सब स्टेशन, सोलर पैनल व सोलर स्ट्रीट लाइट, पावर चार्जिंग स्टेशन आदि काम को पूरा कर लिया गया है।