निक्की तवी के साथ सटी कृषि योग्या भूमि धस रही तवी में
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। निक्की तवी के साथ सटी कृषि योग्य भूमि पानी के बहाव के चलते बरबाद होने पर प्रशासन की ओर से इसे बचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि बाढ़ नियंत्रण विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत कराए जाने के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
गांव के दलीप कुमार का कहना है कि बीस वर्ष पूर्व निक्की तवी पर क्रेट डाल कृषि योग्य भूमि को बचाए जाने के लिए लगाए थे। पिछले दिनों निक्की तवी में अधिक पानी आने पर अब सैकड़ों एकड़ कृषि योग्य भूमि निक्की तवी में चले जाने पर किसान वर्ग के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में निक्की तवी का रुख जस्सौर की ओर होने पर लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। गांव के धर्मपाल का कहना है कि निक्की तवी के साथ कृषि योग्य भूमि पर ही रोजी-रोटी का साधन था पर अब तक काफी जमीन निक्की तवी की चपेट में आने पर अब वहां खेतीबाड़ी करना भी मुश्किल बन गया है। उन्होंने कहा कि निक्की तवी का झुकाव उनकी कृषि योग्य जमीन की ओर होने पर जमीन भी दलदल बनने पर बची हुई जमीन पर किसी प्रकार की फसल लगा पाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरएस पुरा प्रशासन व बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों से कृषि योग्य भूमि को बचाए जाने के लिए क्रेट लगा वहां पर बांध लगाने की मांग की, ताकि किसानों की रह गई भूमि निक्की तवी में बहने से बच जाए।