आरएस पुरा। ऑल जम्मू कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस ने चेतावनी दी है कि अगर किसानों को बरबाद हुई फसल का मुआवजा नहीं दिया गया तो सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया जाएगा। पिछले दिनों भारी बारिश के कारण किसानों की धान की फ़सल खराब हुई है। उन्हें जल्द से जल्द उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
आरएस पुरा में प्रेसवार्ता में कांफ्रेंस के राज्य महासचिव व सरपंच गुरदीप सिंह सैनी ने कहा कि कांफ्रेंस के एक दल ने जम्मू संभाग के कई क्षेत्रों का दौरा किया और पाया कि बारिश के कारण किसानों की फसल को काफी नुकसान हुआ है। वे गेहूं की बिजाई भी नहीं कर पा रहे हैं। सैनी ने कहा कि बड़े दुख की बात है कि किसानों को इतनी क्षति पहुंची है, लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी फसल के नुकसान का आकलन करने के लिए किसानों के पास नहीं पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने जल्द से जल्द किसानों की तरफ ध्यान नहीं दिया तो पंचायत कांफ्रेंस सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएगी। प्रेसवार्ता में पंच पवन सिंह, चेयरमैन दर्शन लाल सहित कई किसान भी मौजूद रहे।