गेहूं की फसल को खाद की जरूरत, बाजारों व सहकारी समितियों में उपलब्ध नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे में यूरिया की किल्लत से किसान परेशान हैं। गेहूं की फसल को खाद की जरूरत है लेकिन बाजारों और सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है। किसान डिपो के चक्कर काट रहे हैं।
किसान बलवीर कुमार, कृष्ण लाल, संदीप सिंह, सोमराज आदि ने बताया कि एक तरफ बारिश नहीं हो रही जिससे सिंचाई पूरी तरह बिजली पर निर्भर हो गई है। बिजली कटौती ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। समय पर सिंचाई न होने से फसल सूखने लगी है। दूसरी तरफ यूरिया न मिलने से पैदावार प्रभावित हो रही है।
किसानों ने बताया कि वे कई दिनों से खाद की दुकानों और सरकारी डिपो के चक्कर काट रहे हैं। हर जगह से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कुछ जगहों पर कालाबाजारी की भी शिकायतें सामने आ रही हैं जहां सीमित मात्रा में उपलब्ध यूरिया को ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बिजली कटौती से राहत दिलाई जाए। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा और किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है।
कृषि निदेशक को किसानों की समस्या से अवगत करवाया है। इस बारे में उचित कदम उठाए जाएंगे। जिले में 26 हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल लगाई गई है। विभाग किसानों को जागरूक कर रहा है कि फसल का बीमा जरूर करवाएं।
राकेश खजुरिया, मुख्य कृषि अधिकारी, सांबा