जम्मू। तालाब तिल्लो में कृषि विभाग द्वारा तैयार हनी प्रोसेसिंग यूनिट का शुभारंभ निदेशक केके शर्मा ने किया। इसकी क्षमता सौ किलोग्राम तक है। कृषि निदेशक ने बताया कि शहद प्रसंस्करण इकाई में स्वचालित शहद प्रसंस्करण संयंत्र, नमी कम करने वाली इकाई, भंडारण कक्ष, बॉटलिंग यूनिट शामिल हैं। उक्त इकाई जम्मू संभाग के मधुमक्खी पालकों की मदद करने में सहायक सिद्ध होगी।
विभाग शहद की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए किसानों के कच्चे शहद की मुफ्त प्रसंस्करण की सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालकों को लाभकारी रिटर्न के लिए शहद के सफल विपणन के लिए जम्मू खेती ब्रांड के साथ-साथ परीक्षण के बाद लोगो प्रदान किया जाएगा।
बताया कि राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन एवं शहद मिशन द्वारा मधु क्रांति पोर्टल विकसित किया गया है और उक्त पोर्टल पर अब तक जम्मू संभाग के 340 मधुमक्खी पालकों को पंजीकृत किया गया है। एक जिला एक उत्पाद के तहत शरद ऋतु में सफेद शहद को बढ़ावा दिया जाएगा। शहद का उत्पादन चिनाब घाटी, कठुआ, सांबा, राजौरी और जम्मू संभाग के अन्य जिलों में भी होता है।