कृषि विस्तार अधिकारी किश्तवाड़ अम्पी सिंह ने घर में ही आइसोलेट रह खुद को कोरोना महामारी से मुक्त कर लिया है। दो सप्ताह पहले ही उन्होंने अपना कोविड टेस्ट कराया था। जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। अम्पी सिंह ने कहा, ‘मैं जिला कोविड-19 कंट्रोल सेल किश्तवाड़ में काम कर रहा था। दो हफ्ते पहले जब मुझे पता चला कि मैं खुद संक्रमित हो गया हूं तो मैने तुरंत स्वयं को घर में आइसोलेट कर लिया। घर में रहने के दौरान मैं लगातार कोविड-19 कंट्रोल सेल और डॉक्टरों के संपर्क में था, जिन्होंने मुझे दवाएं और सभी आवश्यक काम करने का सुझाव दिया। मैं अलग-थलग रहा। मेरी प्रतिरक्षा प्रणाली ने सही मात्रा में और अधिक प्रतिक्रिया न करके मेरा इलाज किया। लेकिन, उतनी ही महत्वपूर्ण सकारात्मकता के साथ देखभाल थी जो मुझे अपने परिवार के सदस्यों से घर पर प्राप्त हुई।