प्रमुख सचिव एचएंडयूडीडी ने कहा कि अमृत योजना के तहत आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा भारत में पायलट परियोजना के तहत चुने गए 25 शहरों में श्रीनगर शहर को चुना गया है।
आवास एवं शहरी विकास विभाग के अधीन टाउन प्लानिंग ऑर्गनाइजेशन कश्मीर (टीपीओ) ने मंगलवार को डब्ल्यूआरआई-इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस करार से श्रीनगर मेट्रोपॉलिटन एरिया के शहरी विकास के लिए तकनीकी सेवाएं और अन्य बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार किया जाएगा।
विज्ञापन
मुख्य नगर नियोजक कश्मीर इफ्तिखार अहमद हकीम और वरिष्ठ प्रबंधक डब्ल्यूआरआई-इंडिया सूर्य प्रकाश के बीच प्रमुख सचिव एचएंडयूडीडी धीरज गुप्ता की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। प्रमुख सचिव ने कहा कि कश्मीर में नगर नियोजन विकास की दिशा में यह बेहद महत्वपूर्ण शुरुआत है।
धीरज गुप्ता ने कहा संरचनात्मक शहरी नियोजन के लिए काम शुरू कर दिया गया है और इसे सख्ती से आगे बढ़ाया जाएगा। श्रीनगर में रिंग-रोड जैसी परियोजनाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में नई टाउनशिप की अपार संभावनाएं हैं।