दोमाना। अग्निपथ योजना बेरोजगार युवाओं के लिए वरदान है, जिसका सभी को लाभ उठाना चाहिए। यह अपील चिनाब ब्रिगेड टाइगर डिवीजन के अधिकारियों ने मढ़ के गवर्नमेेंट हाई स्कूल चडगाली में आयोजित बैठक में युवाओं से की है। इस दौरान भर्ती के प्रति जागरूक भी किया गया।
बैठक में सैन्य अधिकारियों ने युवाओं को नशे से दूर रहकर सेना भर्ती के लिए तैयारी करने पर जोर दिया। सेना अधिकारियों को पूर्व सैनिकों ने समस्याओं से अवगत करवा कर समाधान की अपील की। बैठक में युवाओं, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं ने हिस्सा लिया। जय हिंद फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष तरसेम सिंह मन्हास और सेना के अधिकारियों ने वीर नारियों से बातचीत की और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर बीडीसी सुरेंद्र कुमार, डीडीसी बलबीर लाल और सरपंच सुहागनी दलजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।