आरएस पुरा। कस्बे के पुराने पिंड चौक में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के अनुच्छेद 35-ए को हटाए जाने पर नारेबाजी कर विरोध-प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा के सिटी प्रधान बिक्रम संधू व सुचेतगढ़ युवा मोर्चा के प्रधान गौरव शर्मा के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री के देश विरोधी बयान की निंदा की गई।
उन्होंने कहा कि कश्मीर संभाग के नेताओं ने हमेशा ही जम्मू की अनदेखी की है। कश्मीर में आतंकवाद पर नकेल डाले जाने पर अब कश्मीर के नेताओं में बौखलाहट के चलते अब देश विरोधी बयानबाजी कर राज्य का माहौल खराब करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 35-ए का मामला कोर्ट में होने पर इस तरह की बयानबाजी करना एक पूर्व मुख्यमंत्री के लिए बेहतर नहीं।
युवा मोर्चा मंडल प्रधान शाशि उत्तम, उपप्रधान राकेश गुप्ता ने कहा कि कश्मीर के नेताओं ने एक सोची समझी साजिश के चलते डोगरा शासन को खत्म करने के बाद जम्मू संभाग के लोगों की अनदेखी की जा रही, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन में पवन संधू, साहिल शर्मा, ज्योति, वेदभूषण शर्मा, अमन चौधरी, सोनू, पवन गुप्ता सहित क्षेत्र के कई लोग भी शामिल रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
सांबा। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं व हुर्रियत नेताओं को खुश करने के लिए विवादित ब्यान देकर सियासत गरम कर दी है। यहां तक कि कई लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग उठाई है।
भाजपा नेता कश्मीर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता विकेश अंबा, पार्षद विनोद सिंह विन्नी, रवि खजुरिया आदि ने कहा की महबूबा मुफ्ती ने आतंकियों की बोली बोल कर अपना असली चेहरा दिखा दिया है। रियासत जम्मू कश्मीर केवल डॉ. फारूख अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती के परिवारों की नहीं है। जो दिल में आया कह दिया। उन्होंने कें द्र सरकार से मांग उठाई है कि महबूबा के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। ताकि रियासत का माहौल न बिगड़ने पाए। उनका कहना था कि दोनों दलों के नेता हमेशा ही अपनी राजनीति के लिए राज्य के माहौल को बिगाड़ने की ही सोच रखते हैं।
गौरतलब है कि पीडीपी के स्थापना दिवस पर श्रीनगर में पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने चेतावनी दी है कि जो हाथ 35ए के साथ छेड़छाड़ करेगा वह हाथ ही नहीं सारा जिस्म ही जल कर राख हो जाएगा। जिसे लेकर सियासत भी गरम हो गई है।
महबूबा मुफ्ती के बयान से रोष
सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
अरनिया। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के बयान पर लोगों में रोष पनपना शुरू हो चुका है। लोगों की मानें तो आने वाले दिनों में वे सड़क पर उतर कर बड़ा विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री सोनू पंडित ने कहा कि हमारा राज्य व देश अग्रसर हो रहा है तो महबूबा को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। रही बात राज्य में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करने की तो इसमें लोगों में भय कहां से उत्पन्न होने लगा। यह तो सुरक्षा को लेकर और भी अच्छी बात है। महबूबा को यह नहीं भूलना चाहिए कि जब तक राज्य में सुरक्षा कर्मी तैनात हैं तब तक पूरा राज्य चैन की नींद सो रहा है, क्योंकि रात को वो जागते हैं तभी हम चिंता मुक्त होकर चैन की नींद सोते हैं। अगर महबूबा ने बयानों को लेकर अपना रवैया नहीं बदला तो आने वाले एक दो दिन में बड़ा आंदोलन से इसका जवाब दिया जाएगा।