बिजली विभाग के कर्मचारी निजीकरण के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए। अमर उजाला
जम्मू। आल जेएंडके पावर इंप्लाइज एंड इंजीनियर्स कोआर्डिनेशन कमेटी के आह्वान पर पेन डाउन हड़ताल छठे दिन भी जारी रही। इस दौरान सदस्यों ने परेड कार्यालय समेत प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। सोमवार को भी कामकाज पूरी तरह से ठप रहा।
वर्कशापों में भी ट्रांसफार्मर की रिपेयर का काम रुका रहा। हड़ताल के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा है। अभी तक बिलिंग का काम भी शुरू नहीं हो पाया है। चेयरमैन इंजीनियर जयपाल शर्मा ने कहा कि विभाग के निजीकरण के फैसले के विरोध में हड़ताल की जा रही है। अभी तक विभाग की ओर से स्पष्ट नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि निजीकरण से नुकसान होगा। पहले भी काम निजी कंपनियों के हवाले करने से गुणवत्ता पर सवाल उठे थे। अब फिर से विभाग गलती कर रहा है। बिजली दरों में भी बढ़ोतरी होगी। उद्योग जगत भी प्रभावित होगा। कुछ कर्मचारी लंबे समय से अस्थायी तौर पर काम कर रहे हैं। इनको नियमित नहीं किया गया है। इस मौके पर इंजीनियर एजाज काजमी, संदीप कुमार, संजीव बाली, एचडी सिंह और अन्य मौजूद रहे।