सांबा। जिले में जल शक्ति विभाग की ओर से पानी की सुचारु आपूर्ति नहीं किए जाने पर लोगों में रोष है। इसी के चलते बुधवार को चक मेदु सरदालिया के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ रोष जताया।
कैली मंडी के सरपंच लब्लु संब्याल ने कहा कि जलशक्ति विभाग की ओर से स्थानीय लोगों को पानी की सुचारु आपूर्ति नहीं की जा रही है। लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया है। ग्रामीणों का कहना था कि माह में एक दो बार ही पानी की आपूर्ति की जा रही है। लोग तालाबों का पानी इस्तेमाल में ला रहे हैं। वहीं पीने का पानी दूसरे गांवों से लाने को मजबूर हैं। उनके अनुसार इस बाबत उपायुक्त को कई बार समस्या से अवगत कराया है, लेकिन उचित कदम नहीं उठाए जाने पर आज भी उन्हें पानी के लिए परेशानी बनी हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की।
उधर कस्बे की सामाजिक संस्था सांबा सोशल क्लब के सदस्य रंजु गुप्ता, अजय सिंह ने कहा कि कस्बे में एक सप्ताह बाद पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिससे आम लोग काफी परेशान हैं। जिला प्रशासन की ओर से भी लोगों को पानी की आपूर्ति को लेकर उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है। कस्बे की मंडियों आदि में भी पानी की सुचारु आपूर्ति के नहीं होने से लोगों में रोष है।