जल शक्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते पंचायत बाड़ी के लोग
बाड़ी ब्राह्मणा। पंचायत बाड़ी के गांव शाह तालाब के लोगों ने बुधवार को जल शक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में शामिल बाड़ी ब्राह्मणा-बी से डीडीसी सदस्य सुरैया बेगम ने बताया कि छह माह से उनके क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। लोग टैंकर से पानी मंगाकर गुजर-बसर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पानी की आपूर्ति को लेकर एक्सईएन जल शक्ति विभाग को अवगत कराया, लेकिन समस्या का हल नहीं हो पाया है।
इस संबंध में एईई राजीव घई का कहना है कि गांव में ट्यूबवेल खराब होने की वजह से पानी की किल्लत है। फिलहाल वहां टैंकर भेज दिया जाता है। मेकेनिकल इकाई को ट्यूबवेल ठीक करने के लिए बोल दिया गया है। इसके लिए प्रस्ताव भी तैयार कर लिया है, जैसे ही ट्यूबवेल ठीक हो जाएगा पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी। संवाद