सांबा। जिले के नड में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में मंगलवार को दिन भर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके बावजूद प्रशासन ने पुलिस बल तैनात कर शराब की दुकान खुलवा दी। प्रदर्शन के दौरान स्थिति यह थी कि एक ओर शराब की दुकान खुल रही थी, तो दूसरी ओर स्थानीय महिलाएं सिसकियां लेकर रो रही थीं।
महिलाओं के अनुसार प्रशासन की ओर से उनके बच्चों को नशेड़ी बनाने की साजिश की जा रही है। महिलाओं ने कहा कि नड में शराब की दुकान खोल कर उन्हें बर्बाद करने की साजिश है, जिसका वह विरोध करती रहेंगी। महिलाओं का आरोप था कि स्थानीय पंच व सरपंच भी उनकी मदद करने आगे नहीं आए है, जिसको लेकर उनमें रोष है। महिलाओं ने तो यहां तक कह दिया कि विधानसभा चुनाव में वह अपना वोट ही नहीं डालेंगी। उन्होंने जिला प्रशासन के साथ केंद्र सरकार पर भी कटाक्ष किए। महिलाओं का कहना था कि सरकार उनके पढ़े लिखे बेरोजगार बच्चों को रोजगार नहीं दे रही है, उन्हें नशेड़ी बनाने के लिए शराब की दुकानें दे रही है।