नहर किनारा जो टूटा हुआ है जिसको लेकर नायब सरपंच चोरली के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन किया
- फोटो : RSPURA
बिश्नाह। क्षेत्र के गांव चोरली कोठे में नहर के किनारे ठीक न होने पर मंगलवार को किसान उबल पड़े। उन्होंने सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मांग की कि जल्दी से जल्दी टूटी नहर को दुरुस्त किया जाए। अन्यथा की स्थिति में सिंचाई विभाग सब डिवीजन कार्यालय का घेराव करते हुए ताला जड़ देंगे।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे किसान रणजीत सिंह चाढ़क ने कहा कि कई वर्ष से नहर के किनारे टूटे पड़े हैं। यहां के विशेष समुदाय के लोग नहर में मवेशी घुसा देते हैं, जिसकी वजह से नहर के दोनों किनारे टूट गए हैं। आते जाते लोग उसमें गिरकर घायल हो रहे हैं। हमने कई बार विभाग से मांग की कि नहर को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों की जान बच सके, लेकिन सिंचाई विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। हमारी मांग है कि जल्दी से जल्दी इस नहर को दुरुस्त किए जाए।
संजीव सिंह ने कहा कि सड़क की तरफ से टूटी हुई नहर हादसों को न्योता दे रही है। कोई न कोई दो पहिया वाहन चालक इसमें गिरकर जख्मी होता रहता है। इसे ठीक नहीं किया गया तो बहुत जल्दी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।