बाड़ी ब्राह्मणा। पंचायत अपर कार्थोली के वार्ड-6 के पंच रविंद्र कुमार सैनी ने सोमवार को स्थानीय लोगों के साथ विद्युत और जल शक्ति विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वार्ड में बिजली किल्लत से कई प्रकार की दिक्कतें हो रही हैं। उसके अलावा जल शक्ति विभाग भी उनकी सुध नहीं ले रहा है।
उन्होंने बताया कि उनके वार्ड में जितने केवीए का ट्रांसफार्मर होना चाहिए उतना नहीं लगाया गया है। इसके चलते कई बार लोगों को बिजली से चलने वाले यंत्रों के खराब होने की आशंका बनी रहती है। आए दिन उनकी पंचायत में बिजली की तारें टूटती रहती हैं। उनकी भी सुध विद्युत विभाग की तरफ से नहीं ली जा रही है। दिन प्रतिदिन उनकी समस्या बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर कई बार विभाग के अधिकारियों के समक्ष परेशानी को रखा लेकिन आश्वासन के कुछ भी नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि जमीनी स्तर पर काम नहीं हो रहे हैं। इसको लेकर जनता काफी परेशान है। उन्होंने विद्युत विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया कि अगर आने वाले दिनों में उनकी समस्या ठीक नहीं हुई तो वह प्रदर्शन करने के लिए उतारू हो जाएंगे। इस मौके पर जसपाल सैनी, नरोत्तम सैनी, तरसेम सिंह, अमन, साहिल व मनोज विशेष तौर पर मौजूद थे।