आरएस पुरा। बिजली की अघोषित कटौती के चलते अब लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। कस्बे के शिव नगर के स्थानीय लोगों ने बिजली समस्या को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया।
समाजसेवक इंद्रजीत सूदन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में लोगों ने कहा कि कई दिन से बिजली की अघोषित कटौती जारी है। इसको लेकर कई बार विभाग को सूचित करने में कोई समाधान नहीं किया गया। सूदन ने कहा कि मौजूदा समय में दिन में कई बार बिजली की कटौती की जा रही है। रात को बार-बार मात्र 10 मिनट के लिए सुविधा मिलती है। इस कारण उमस भरी गर्मी में जीना मुहाल बना हुआ है। इंद्रजीत सूदन ने बताया कि बिजली विभाग की गैर जिम्मेदारान कार्यप्रणाली से लोग परेशान हैं। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
सूदन ने कहा कि बार-बार किए जा रहे पावर कट को बंद किया जाए, जिससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खराब होने से बचाया जा सके। कई दिनों से बिजली की आपूर्ति के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। भीषण गर्मी में आम जनता बेहाल है। बिजली नहीं मिलने से पानी की समस्या बनी होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में चार से पांच घंटे बिजली मिल रही है, जबकि सरकार 24 घंटे बिजली देने का दावा कर रही है। क्षेत्र के किसान भी बिजली और पानी न मिलने से परेशान हैं। विरोध जता रहे लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही बिजली समस्या को सही नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद थे।