फसल का वीमा करवाने पर राशि नही मिलने पर प्रदर्शन करते हुए किसान
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों का किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। इससे नाराज किसानों ने शुक्रवार को रोष जताया।
किसान नेता चौ. मोहन सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के किसानों ने कृषि विभाग कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन करते हुए विभाग पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि अगर जल्द से जल्द किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया तो किसान आने वाले दिनों में सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस दौरान किसानों ने नारेबाजी भी की। किसान नेता चौधरी मोहन सिंह ने कहा कि काफी समय से किसान मुआवजे के लिए भटक रहे हैं। अभी तक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा नहीं मिल सका है, जबकि किसान लगातार राजस्व विभाग से लेकर कृषि विभाग के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब किसानों की फसल बर्बाद हुई थी, तब तो प्रशासन की तरफ से किसानों को भरोसा दिलाया गया था, कि उनको जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाएगा, लेकिन कई माह बीत जाने के बावजूद अभी तक किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया है।
उन्होंने कहा कि किसान विभागों के चक्कर काट कर थक चुके हैं और न ही उन्हें कोई संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है।
बाद में किसानों एसडीएम रामलाल शर्मा से अभी तक किसानों की अनदेखी की जा रही। उन्हें बीमा योजना का मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। एसडीएम ने कहा कि कई किसानों ने बैंक में खाते आधार से लिंक नहीं कराए। जिन किसानों को राशि नहीं मिली है उनकी सूची बनाए जाने का निर्देश दिया गया है। प्रदर्शन में दौलत राम, सरदार लखविंदर, बचन सिंह, चमेल सिंह, गुरदयाल सिंह, मोहन लाल, जगबीर सिंह, मूल सिंह, कैप्टन सुदेश सिंह सहित अन्य किसान शामिल रहे।