आरएस पुरा। जिला ग्रामीण कांग्रेेस के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में बढ़ोतरी को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रधान रविंद्र सिंह ने किया। इस दौरान एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को कांग्रेस नेता महात्मा गांधी पार्क में इकट्ठे हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ पेट्रोलियम पदार्थों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन में शामिल पूर्व मंत्री रमण भल्ला ने कहा कि दिन ब दिन पेट्रोलियम पदार्थ के दाम में बढ़ोतरी की जा रही है, इसके चलते लोगों को महंगाई की मार सहनी पड़ रही है। पेट्रोलियम पदार्थों में लगाए गया एक्साइज टैक्स में कटौती की जाए, ताकि लोगों को महंगाई कम होने पर राहत मिल सके। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की गलती नीतियों के चलते कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अच्छे दिन आने का सपना दिखाने वाली भाजपा ने सरकार में आने पर लोगों को बुरे दिन दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक ओर कोरोना की मार दूसरी और पेट्रोलियम पदार्थों में की गई बढ़ोतरी के चलते लोगों के घरों का बजट बिगड़ कर रख दिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस की ओर से दूसरे स्थानों पर विरोध- प्रदर्शन कर लोगों की आवाज सरकार तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी के हरि सिंह ने कहा कि आरएस पुरा व मीरां साहिब ब्लॉक के पदाधिकारियों सहित ग्रामीण जिला कांग्रेस की और पेट्रोलियम पदार्थों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने के लिए विरोध-प्रदर्शन करने के साथ एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापनपत्र भेजा गया, ताकि लोगों को महंगाई के चलते हो रही दिक्कतों से निजात मिल सके।
प्रदर्शन में जवाहर सिंह, शाम मेहरा, ओम प्रकाश सहित पार्टी के कई पद अधिकारी शामिल रहे।